गिरिडीह मेयर पद के नामांकन के अंतिम दिन भाजपा में दिखी अंदरूनी हलचल, कामेशर पासवान व प्रकाश दास ने भरा पर्चा।
SHIKHAR DARPANWednesday, February 04, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
नगर निगम चुनाव को लेकर मेयर पद के लिए नामांकन के अंतिम दिन बुधवार को राजनीतिक सरगर्मी तेज दिखी। भारतीय जनता पार्टी के नेता कामेशर पासवान ने अपने समर्थकों के साथ समाहरणालय पहुंचकर मेयर पद के लिए नामांकन पर्चा दाखिल किया। उन्होंने अपर समाहर्ता विजय सिंह विरुवा के समक्ष अपना नामांकन प्रस्तुत किया।नामांकन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कामेशर पासवान ने कहा कि वे शहर की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं। यदि गिरिडीह की जनता उन्हें अवसर देती है तो वे नगर निगम क्षेत्र की प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।इधर, भाजपा द्वारा मेयर पद के लिए डॉ. शैलेन्द्र चौधरी को समर्थित उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद पार्टी के भीतर व्याप्त नाराजगी भी खुलकर सामने आई।
इसका संकेत उस वक्त मिला जब नामांकन के अंतिम दिन भाजपा नेता कामेशर पासवान के साथ-साथ भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रकाश दास ने भी मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल किया।प्रकाश दास अपने समर्थकों के साथ समाहरणालय पहुंचे और अपर समाहर्ता विजय सिंह विरुवा के समक्ष नामांकन पर्चा सौंपा। प्रकाश दास गिरिडीह के पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी के करीबी माने जाते हैं, जिससे उनके नामांकन को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।एक ही दिन दो भाजपा नेताओं द्वारा नामांकन किए जाने से यह स्पष्ट हो गया है कि मेयर पद को लेकर भाजपा के भीतर असंतोष और मतभेद उभरकर सामने आए हैं। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में यह राजनीतिक स्थिति चुनावी समीकरणों को किस दिशा में ले जाती है।