Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय गिरिडीह स्थित सभागार में रविवार को मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अंचल पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं ओपी प्रभारी उपस्थित रहे। गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए गिरिडीह पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार ने कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की तथा लंबित मामलों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर विशेष जोर दिया।बैठक के दौरान वारंट एवं कुर्की के निष्पादन में तेजी लाने, लंबित पासपोर्ट व चरित्र सत्यापन मामलों का शीघ्र निपटारा करने, न्यायालय से संबंधित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा विभिन्न आयोगों से प्राप्त पत्रों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही आम जनता से प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कर उनका निष्पादन करने पर बल दिया गया, ताकि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके।

पुलिस अधीक्षक ने आगामी महाशिवरात्रि पर्व को ध्यान में रखते हुए जिले भर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों की पहचान कर विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने, भीड़ प्रबंधन, गश्ती व्यवस्था तथा आवश्यक पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्कता बरतने और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूर्व तैयारी रखने को कहा।गोष्ठी के अंत में विगत माह के दौरान कांडों के अनुसंधान एवं अपराध नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों को पुलिस अधीक्षक, गिरिडीह द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों की सराहना करते हुए अन्य पदाधिकारियों को भी पेशेवर दक्षता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.