गिरिडीह नगर निगम चुनाव: अवैध होर्डिंग हटाने पर बढ़ा विवाद, महापौर प्रत्याशी ने उठाए सवाल।
SHIKHAR DARPANSunday, February 08, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिले में नगर निगम चुनाव की सरगर्मी तेज होते ही प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए शहर में लगाए गए सभी अवैध चुनावी होर्डिंग्स को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, ये होर्डिंग्स मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट (एमसीएमसी) की अनुमति के बिना लगाए गए थे, इसलिए नियमों के तहत इन्हें अवैध मानते हुए तुरंत हटाया गया।इसी दौरान महापौर पद के प्रत्याशी कामेश्वर पासवान टावर चौक के समीप पहुंचे, जहां उनकी होर्डिंग हटाई जा रही थी। इस कार्रवाई का उन्होंने कड़ा विरोध जताते हुए चुनाव आयोग से निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की।
साथ ही नगर निगम प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का गंभीर आरोप लगाया।कामेश्वर पासवान ने कहा कि यह कार्रवाई केवल विरोधी दलों को निशाना बनाने का प्रयास है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। दूसरी ओर, नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध होर्डिंग हटाने की कार्रवाई सभी पर समान रूप से लागू की गई है तथा इसमें किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया गया।चुनावी माहौल के बीच यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। सभी प्रत्याशी जोर-शोर से प्रचार में जुटे हैं, वहीं प्रशासन एमसीएमसी के पालन को सुनिश्चित करने के लिए अलर्ट मोड में नजर आ रहा है।