Type Here to Get Search Results !

सीसीएल गिरिडीह की जन-मुद्दों पर सुलह बैठक, श्रमिक समस्याओं के त्वरित समाधान का निर्देश।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह सीसीएल से जुड़े विभिन्न जन-मुद्दों एवं श्रमिकों की समस्याओं को लेकर सहायक श्रमायुक्त (केंद्रीय) के समक्ष सीसीएल प्रबंधन और राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ (इंटक संबद्ध) के बीच सुलह बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक श्रमायुक्त राहुल कुमार ने की। बैठक में सीसीएल प्रबंधन की ओर से स्टाफ ऑफिसर (पर्सनल) कुमारी माला तथा पूर्व कार्मिक पदाधिकारी सह सुरक्षा अधिकारी राजवर्धन कुमार उपस्थित रहे। वहीं मजदूर संगठन की ओर से क्षेत्रीय अध्यक्ष ऋषिकेश मिश्रा, उपाध्यक्ष रमेश कुमार झा, कब्रिबाद खदान के अध्यक्ष सह माइनिंग सरदार राहुल कुमार और असंगठित इंटक ओपनकास्ट शाखा के अध्यक्ष मनोज दास शामिल हुए। बैठक के दौरान सहायक श्रमायुक्त ने सीसीएल प्रबंधन को श्रमिक संगठनों के साथ बेहतर औद्योगिक संबंध स्थापित करने तथा लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया। विशेष रूप से पानी और बिजली की समस्या का त्वरित निष्पादन करने पर जोर दिया गया।

कोयला चोरी के मुद्दे पर सहायक श्रमायुक्त ने आश्वासन दिया कि वे उप श्रमायुक्त से वार्ता कर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक, गिरिडीह से समन्वय स्थापित करेंगे, ताकि स्थानीय प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। साथ ही गिरिडीह ओपनकास्ट में सीसीएल द्वारा प्रत्यक्ष उत्पादन शुरू करने और गिरिडीह वर्कशॉप को स्थायी रूप से संचालित करने के संबंध में प्रबंधन से विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। अगली वार्ता की तिथि 9 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।बैठक में प्रमुख मांगों में गिरिडीह ओपनकास्ट एवं कब्रिबाद कोलियरी में कोयला चोरी पर प्रभावी रोक, दोषी सुरक्षा कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई, आउटसोर्सिंग के बजाय सीसीएल द्वारा स्वयं खनन कार्य संचालन, गिरिडीह वर्कशॉप का सुचारु संचालन, आउटसोर्सिंग कंपनियों से वैधानिक प्रावधानों का पालन सुनिश्चित कराना तथा स्थानीय स्तर पर बिजली, पेयजल, सड़क, अस्पताल और विद्यालय जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना शामिल रहा।राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ ने स्पष्ट किया कि श्रमिकों के हितों की रक्षा और गिरिडीह क्षेत्र के समग्र विकास के लिए संगठन लगातार संघर्षरत रहेगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.