Type Here to Get Search Results !

पति-सास समेत पांच गिरफ्तार: शाहिना प्रवीण की हत्या कर शव जलाकर कारीपहाड़ी जंगल में फेंका।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र की रहने वाली शाहिना प्रवीण की हत्या कर शव जलाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतका के पति जाबिर अंसारी, सास जैबुन निशा, वकील अंसारी उर्फ रॉकी, गुड्डू अली और सराफत अंसारी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो बाइक, पांच मोबाइल फोन, मृतका के कपड़े, टूटी चूड़ी व क्लिप, माचिस, बोतल और जूट का बोरा भी बरामद किया है।एसपी डॉ. बिमल कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि 30 जनवरी की सुबह करीब 7:30 बजे बगोदर थाना क्षेत्र के कारीपहाड़ी जंगल में एक अज्ञात महिला का अर्द्धजला शव मिलने की सूचना मिली थी। इसके बाद सरिया-बगोदर एसडीपीओ धनंजय कुमार राम के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर एफएसएल टीम, श्वान दस्ता, फिंगरप्रिंट और तकनीकी टीम के साथ जांच शुरू की गई।जांच के दौरान डुमरी थाना क्षेत्र से 20 जनवरी को लापता शाहिना प्रवीण के परिजनों को बुलाकर शव की पहचान कराई गई।

शरीर पर बने पुराने निशान, अर्द्धजले कपड़े और घटनास्थल पर मिली चूड़ी के आधार पर मृतका की पहचान शाहिना प्रवीण के रूप में हुई। इसके बाद मृतका के पिता ताहुल अंसारी के आवेदन पर पति, सास और अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या कर शव जलाने के आरोप में बगोदर थाना कांड संख्या 20/26 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।पुलिस पूछताछ में पति जाबिर अंसारी और सास जैबुन निशा ने हत्या की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि शाहिना प्रवीण को कारीपहाड़ी ले जाकर मारने के बाद शव जला दिया गया था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि जाबिर अंसारी अपनी पहली पत्नी की हत्या कर दूसरी शादी करना चाहता था। इस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो नाबालिग लड़कों की संलिप्तता भी सामने आई है। एसआईटी टीम में एसडीपीओ धनंजय कुमार राम के साथ कई पुलिस पदाधिकारी, तकनीकी शाखा और बगोदर थाना के जवान शामिल थे।पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.