Type Here to Get Search Results !

भाजपा समर्थित प्रत्याशी डॉ. शैलेंद्र चौधरी ने महापौर पद के लिए किया नामांकन, समर्थकों में दिखा जबरदस्त उत्साह।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मंगलवार को नगर निगम महापौर पद के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशी डॉ. शैलेंद्र चौधरी ने पूरे जोश और उत्साह के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान शहर का राजनीतिक माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया। नामांकन स्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ढोल-नगाड़ों, नारों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच डॉ. चौधरी ने अपना पर्चा दाखिल किया। इस अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें भाजपा जिला अध्यक्ष, शहरी जिला अध्यक्ष रंजीत राय, प्रदेश कार्य समिति सदस्य चुन्नू कांत,सुरेश साव, भाजपा नेता दिलीप वर्मा, श्याम प्रसाद, अजय सिंह, महादेव दुबे सहित अन्य प्रमुख नेता शामिल थे। नेताओं ने डॉ. शैलेंद्र चौधरी को विकास और सुशासन का प्रतीक बताते हुए कहा कि भाजपा शहर के समग्र विकास के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में उतरी है।

वक्ताओं ने कहा कि डॉ. चौधरी का सामाजिक और प्रशासनिक अनुभव नगर निगम को नई दिशा देगा। उन्होंने भरोसा जताया कि जनता भाजपा के विकास कार्यों और नीतियों पर एक बार फिर मुहर लगाएगी।नामांकन के बाद पत्रकारों से बात करते हुए डॉ. शैलेंद्र चौधरी ने कहा कि उनका उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाना है। उन्होंने जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि उन्हें सेवा का अवसर मिला तो वे बिना भेदभाव के शहर के हर वर्ग और हर मोहल्ले के विकास के लिए काम करेंगे। वही जब पत्रकारों ने डॉ शैलेंद्र चौधरी से पूछा कि नगर निगम चुनाव में भाजपा दो गुटों में बट गई है तो उन्होंने कहा यह लोकतंत्र है लोकतंत्र में किसी को भी चुनाव लड़ने का अधिकार है।नामांकन के साथ ही नगर निगम चुनाव का माहौल पूरी तरह गरमा गया है और अब मुकाबला दिलचस्प होने की पूरी संभावना है। भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह चरम पर है और पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतर चुकी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.