Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में सेंधमारी, लाखों की संपत्ति चोरी — बेटी की शादी से पहले परिवार पर दोहरी मार।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मटरूखा के टोला मोहलीटांड़ में बुधवार रात एक सनसनीखेज चोरी की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय निवासी मोहन राय के घर अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर लिया।परिजनों के अनुसार, मई माह में बेटी की शादी होने वाली है, जिसको लेकर घर में तैयारियां चल रही थीं। शादी के लिए नकदी, आभूषण और बर्तन अलमारियों व बक्सों में सुरक्षित रखे गए थे। देर रात चोर दीवार फांदकर घर में घुसे और सो रहे परिवार के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी, ताकि किसी के जागने पर वे बाहर न निकल सकें।

इसके बाद चोरों ने नगदी व जेवरात वाले कमरे का ताला तोड़कर करीब दो लाख रुपये नकद, लगभग दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा कीमती बर्तन लेकर फरार हो गए।घटना की जानकारी गुरुवार सुबह तब हुई, जब परिजनों ने कमरे के ताले टूटे और सामान गायब देखा। अचानक हुई इस चोरी से परिवार बेहद हताश और आहत है। परिजनों का कहना है कि बेटी की शादी की तैयारियों के बीच यह वारदात उनके लिए दोहरी मार साबित हुई है।परिवार ने प्रशासन से तत्काल जांच कर अपराधियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इधर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.