Type Here to Get Search Results !

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा:- श्री रामडीह में भारी जुलूस, नगर पंचायत चुनाव बहिष्कार का ऐलान।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

रविवार को श्री रामडीह गांव में ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष सड़कों पर उतर आए और विशाल जुलूस निकालते हुए आगामी नगर पंचायत चुनाव के पूर्ण बहिष्कार की घोषणा कर दी। ग्रामीणों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रशासन को स्पष्ट संदेश दिया— “न रास्ता, न विकास… तो न वोट!” ग्रामीणों के मुताबिक गांव से सरिया बाजार स्थित नगर पंचायत मुख्यालय की दूरी महज लगभग पांच किलोमीटर है, लेकिन आज तक पक्की सड़क की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई। आने-जाने के लिए उचित मार्ग न होने से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।

इसके साथ ही ग्रामीणों ने मिट्टी के मकानों पर हजारों रुपये होल्डिंग टैक्स लगाए जाने का भी विरोध किया। उनका कहना है कि वे मजदूरी और खेती-किसानी कर किसी तरह परिवार चलाते हैं, ऐसे में भारी टैक्स देना उनके लिए संभव नहीं है। पूरे गांव में जुलूस निकालने के बाद ग्रामीणों ने एक स्वर में निर्णय लिया कि जब तक बुनियादी सुविधाएं—सड़क, आवागमन और राहत—उपलब्ध नहीं कराई जाएंगी, तब तक वे मतदान में भाग नहीं लेंगे। ग्रामीणों का यह आंदोलन स्थानीय प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है। अब देखना होगा कि विकास की मुख्यधारा से जुड़ने की श्री रामडीह के लोगों की मांग पर प्रशासन कब और कैसे कदम उठाता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.