Type Here to Get Search Results !

झारखंड एकता किसान मजदूर यूनियन ने किया जनसंपर्क, ग्रामीणों की समस्याओं पर हुई चर्चा।

डुमरी,शिखर दर्पण संवाददाता।

डुमरी प्रखंड के पूर्वाखंड स्थित ठाकुरचक पंचायत अंतर्गत ग्राम ठाकुरचक एवं मधवाडीह में रविवार देर शाम झारखंड एकता किसान मजदूर यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष गंगाधर महतो एवं केंद्रीय संरक्षक चेतलाल महतो ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। इस अवसर पर यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय संरक्षक ने कहा कि वर्ष 2010 में पंचायती राज व्यवस्था के गठन के बाद सभी पंचायतों में पंचायत भवन का निर्माण किया गया है। यदि पंचायत भवन में नियमित रूप से रोजगार सेवक, पंचायत सेवक, कर्मचारी एवं जनसेवक बैठने लगें, तो जनता की लगभग 60 प्रतिशत समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही संभव हो सकता है।

उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, आवासीय, जाति व आय प्रमाण पत्र, मनरेगा में रोजगार की उपलब्धता, कृषि से जुड़ी समस्याएं, जमीन का ऑनलाइन कार्य, खाता प्लॉट चढ़ाने की प्रक्रिया, बिजली, राशन कार्ड जैसी अनेक समस्याओं का काफी हद तक निदान पंचायत स्तर पर ही हो सकता है।इस दौरान यूनियन के केंद्रीय महासचिव रविंद्र कुमार, केंद्रीय उपाध्यक्ष भगतू रविदास रवि, केंद्रीय सदस्य धानेश्वर महतो, जिला प्रवक्ता सौरभ विश्वकर्मा, प्रखंड अध्यक्ष राजेन्द्र यादव सहित भीम महतो, पंसस रामेश्वर महतो, मोती महतो, जगदीश महतो, राजू रविदास (धनबाद) समेत कई कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे। यूनियन सदस्यों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि किसानों एवं मजदूरों के हक-अधिकार के लिए संगठन लगातार संघर्ष करता रहेगा और उनकी समस्याओं को संबंधित मंचों तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.