मेयर प्रत्याशी डॉ. शैलेन्द्र चौधरी ने जारी किया संकल्प पत्र।
SHIKHAR DARPANMonday, February 16, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर मेयर प्रत्याशी डॉ. शैलेन्द्र चौधरी ने अपना संकल्प पत्र जारी किया है। इस दौरान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रविन्द्र राय,जमुआ विधायक डॉ मंजू कुमारी,मधुपुर के पूर्व विधायक राज पालीवाल,गांडेय के पूर्व विधयक जयप्रकाश वर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, गिरिडीह शहरी जिला अध्यक्ष रंजीत राय, पूर्व मेयर सुनील पासवान, जिला बार एसोसिएशन के सचिव चुन्नू कांत तथा पूर्व जिला अध्यक्ष महादेव दुबे सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में डॉ. रविन्द्र राय ने औपचारिक रूप से घोषणा पत्र जारी किया, जिसमें शहर के समग्र विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता सुधार, पेयजल, सड़क और जनसुविधाओं को मजबूत करने जैसे मुद्दे शामिल हैं। वही मेयर प्रत्याशी डॉ. शैलेन्द्र चौध ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के लोगों को नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा चलंत चिकित्सा वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक वार्ड में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाकर शहर को ग्रीन सिटी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। संकल्प पत्र में स्वच्छता व्यवस्था के आधुनिकीकरण, बंद पड़े जलमीनारों को चालू करने, नदियों के पुनर्जीवन, सार्वजनिक शौचालय निर्माण, जर्जर सड़कों व नालियों के जीर्णोद्धार तथा भूमिहीन परिवारों के आवास समाधान को प्राथमिकता दी गई है। इसके अलावा सफाईकर्मियों के स्थायीकरण, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए पार्क निर्माण का भी वादा किया गया है। संकल्प पत्र जारी होने के बाद चुनावी माहौल और तेज हो गया है। साथ ही मधुपुर सहित पूरे नगर क्षेत्र में मुकाबला और अधिक रोचक होने की संभावना जताई जा रही है।