वन भूमि पर अवैध निर्माण करते एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल।
SHIKHAR DARPANThursday, February 12, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
खुखरा थाना क्षेत्र के पोखरना गांव में वन विभाग ने वन भूमि पर अवैध रूप से घर निर्माण कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतेंद्र सिंह के रूप में हुई है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में वन भूमि अतिक्रमण को लेकर विभाग की सख्ती साफ नजर आ रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सतेंद्र सिंह पिछले कई दिनों से वन भूमि पर घर का निर्माण कार्य करा रहा था। इसकी सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे निर्माण कार्य रोकने की चेतावनी दी थी और वन भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण अवैध होने की जानकारी दी थी। इसके बावजूद आरोपी ने चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए निर्माण कार्य जारी रखा।
गुरुवार को वन विभाग ने योजनाबद्ध तरीके से टीम गठित कर पोखरना गांव में छापेमारी की और मौके से सतेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।इस कार्रवाई में प्रभारी वनपाल पंकज कुमार, जूलियस जस्टिन मुर्मू, संजय पंडित, सुरुचि कुमारी, गौतम कुमार राय, आशीष कुमार मिश्रा सहित अन्य वनकर्मी शामिल थे। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पीरटांड़ क्षेत्र के जंगलों में हो रहे अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वन भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा या निर्माण करने वालों के विरुद्ध आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।