सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय, समयबद्ध कार्य निष्पादन एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
SHIKHAR DARPANSaturday, February 07, 2026
0
● राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करना प्रत्येक पदाधिकारियों का कर्तव्य है।
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू संचालन हेतु जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त की अध्यक्षता में सभी कोषांग की समीक्षा बैठक आयोजित किया गया। बैठक में विभिन्न कोषांगो द्वारा निर्वाचन संबंधी किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठकों में निर्वाचन कार्यों की प्रगति, आदर्श आचार संहिता के अनुपालन, और मीडिया/निगरानी कोषांगों के कामकाज की समीक्षा की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, सामान्य प्रेक्षक, गिरिडीह नगर निगम, सामान्य प्रेक्षक, बड़की सरैया नगर पंचायत, सामान्य प्रेक्षक, धनवार नगर पंचायत, व्यय प्रेक्षक, गिरिडीह नगर निगम, व्यय प्रेक्षक, बड़की सरैया नगर, व्यय प्रेक्षक, धनवार नगर पंचायत, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी गिरिडीह, अनुमंडल पदाधिकारी खोरीमहुआ, समेत सभी कोषांग के नोडल पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी, सहयोग पदाधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी रामनिवास यादव ने कार्मिक कोषांग, सूचना तकनीकी कंप्यूटर कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, सामग्री कोषांग, मतपत्र कोषांग, परिवहन कोषांग, विधि व्यवस्था कोषांग, प्रेक्षक कोषांग, निर्वाचन व्यय अभ्यर्थी कोषांग, मीडिया/एमसीएमसी कोषांग द्वारा किए जा रहे निर्वाचन संबंधी दैनिक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कार्मिक कोषांग की समीक्षा करते हुए P0, P1, P2, P3, P4 तथा सेक्टर पदाधिकारियों का प्रशिक्षण, रैंडमाइजेशन समेत विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की। वहीं सामग्री कोषांग की समीक्षा के क्रम में सभी कोषांग को ससमय सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही प्रशिक्षण कोषांग द्वारा दिए जा रहे प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी, वाहन कोषांग के तहत वाहनों की पर्याप्त उपलब्धता, सामग्री व आइटी कोषांग द्वारा की गयी तैयारियों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त किया। इसके अलावा प्रिंट मीडिया व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया/ सोशल मीडिया में फेक न्यूज व पेड न्यूज का सतत अनुश्रवण कराने का निर्देश दिया गया। वहीं उपायुक्त ने एमसीएमसी कोषांग के तहत किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी प्राप्त किया तथा व्यय एवं अनुश्रवण कोषांग के नोडल अधिकारी को निर्देश किया कि निर्वाचन से संबंधित सभी तरह के व्यय पर नजर रखें।
इसके अलावा प्रेक्षकों ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सामान्य प्रेक्षकों ने मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाओं, संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, सुरक्षा बलों की तैनाती, मतदान दलों के प्रशिक्षण, बैलेट पेपर एवं अन्य निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित भंडारण तथा वितरण की स्थिति की विस्तार से जानकारी ली। बैठक के दौरान आदर्श आचार संहिता के प्रभावी अनुपालन, निष्पक्ष प्रचार-प्रसार, मतदाताओं को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने तथा मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए उठाए जा रहे कदमों पर भी चर्चा की गई। सामान्य प्रेक्षकों ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय, समयबद्ध कार्य निष्पादन एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही यह स्पष्ट किया गया कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही, पक्षपात अथवा नियमों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर निकाय (गिरिडीह नगर निगम, बड़की सरैया नगर पंचायत एवं धनवार नगर पंचायत) अंतर्गत जितने भी शास्त्र धारक हैं, वे जल्द से जल्द अपना शस्त्र जमा कराएं, अन्यथा उनका लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा।