पीरटांड में चार हाथियों का झुंड पहुंचा, ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील।
SHIKHAR DARPANThursday, February 12, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड अंतर्गत सर्रा गांव से चार हाथियों का एक झुंड, जिसमें एक शावक भी शामिल है, भटकते हुए गिरिडीह वन क्षेत्र के पीरटांड़ थाना अंतर्गत अंगईया गांव पहुंच गया। जानकारी के अनुसार हाथियों का झुंड शुक्रवार को क्षेत्र में देखा गया और वर्तमान में बिशुनपुर के टोला धावाटांड़ स्थित जंगल में मौजूद है। वन विभाग एवं स्थानीय प्रशासन ने आसपास के ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों को बेवजह जंगल की ओर न जाने, रात और अहले सुबह अकेले बाहर न निकलने तथा हाथियों को किसी भी प्रकार से छेड़छाड़ न करने की सलाह दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि खेतों में फसल नहीं होने के कारण हाथी भोजन की तलाश में शाम के बाद गांव की ओर रुख कर सकते हैं, जिससे नुकसान की आशंका बनी रहती है। वन विभाग की टीम द्वारा हाथियों को सुरक्षित दिशा में बिशुनपुर, फतेहपुर, प्रतापपुर और पालगंज मार्ग से आगे बढ़ाने की सूचना है। इसके लिए ग्रामीणों से सहयोग करने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई है। प्रशासन ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वन विभाग या स्थानीय थाना को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।