Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में जिला सम्मेलन आयोजित, नए लेबर कोड के खिलाफ एकजुट हुए श्रमिक संगठन।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

नेताजी चौक स्थित एलआईसी कार्यालय में रविवार को झारखंड अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ और झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में जिला सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार शामिल हुए और श्रमिकों से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की।सम्मेलन में सीटू के महासचिव विश्वजीत देव, बीमा कर्मचारी संघ हजारीबाग मंडल के महासचिव जे.सी. मित्तल सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। अध्यक्षता कर रहे संगठन नेताओं ने नए श्रम कानूनों के खिलाफ एकजुटता बनाए रखने का संकल्प दोहराया।

अपने संबोधन में मंत्री सुदिव्य कुमार ने केंद्र सरकार द्वारा लागू नए लेबर कोड को मजदूर हितों के प्रतिकूल बताया। उन्होंने कहा कि इससे कर्मचारियों के मौलिक अधिकार कमजोर होंगे और पूंजीपतियों को लाभ मिलेगा। मंत्री ने 12 फरवरी को प्रस्तावित राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन को नैतिक समर्थन देते हुए सभी वर्गों से गलत नीतियों के विरुद्ध एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की। साथ ही श्रमिकों से संगठित रहकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।सम्मेलन में बड़ी संख्या में अराजपत्रित कर्मचारी, कोलियरी मजदूर और यूनियन सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में प्रस्ताव पारित कर नए लेबर कोड को वापस लेने की मांग की गई। आयोजकों ने कहा कि यह सम्मेलन गिरिडीह में श्रमिक आंदोलन को नई दिशा और गति देने वाला साबित होगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.