पीरटांड प्रखंड में ‘मनरेगा विश्वास, रोजगार से विकास’ अभियान को लेकर बैठक आयोजित।
SHIKHAR DARPANMonday, February 09, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में सोमवार को “मनरेगा विश्वास, रोजगार से विकास” अभियान के सफल संचालन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीआरडीए निदेशक ने की। इस अवसर पर बीडीओ मनोज मरांडी, प्रमुख सविता टुडू, बीपीओ मनरेगा मेरी प्रियंका मरांडी, प्रखंड के सभी पंचायत सचिव एवं सभी रोजगार सेवक उपस्थित थे। बैठक में बताया गया कि महात्मा गांधी नरेगा कार्यालय, रांची तथा उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, गिरिडीह के निर्देश पर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से यह बैठक बुलाई गई है। मनरेगा के तहत प्रत्येक ग्रामीण परिवार को काम मांगने और समय पर काम प्राप्त करने का वैधानिक अधिकार है। झारखंड राज्य में चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 9.19 करोड़ मानव दिवस का सृजन किया जा चुका है, जिसमें आगे वृद्धि की संभावना जताई गई है।
हालांकि पिछले वर्षों की तुलना में प्रति जॉब कार्ड औसत मानव दिवस सृजन में कमी दर्ज की गई है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में 20.95 लाख परिवारों को कार्य उपलब्ध कराया गया है, जिनमें से 88,224 परिवारों को ही 100 दिनों का रोजगार मिल सका है। इसी स्थिति को ध्यान में रखते हुए राज्य स्तर पर “मनरेगा विश्वास, रोजगार से विकास” अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। अभियान के तहत आगामी छह माह में कम से कम 10 लाख परिवारों को 100 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पीरटांड प्रखंड को भी 817 परिवारों को 100 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य दिया गया है।अभियान को सफल बनाने के लिए जिला, प्रखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न गतिविधियों के क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए हैं तथा प्रखंड स्तर पर कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।