पीरटांड में प्रखंड स्तरीय कचरा प्रबंधन समिति का गठन, स्वच्छता को लेकर कई अहम निर्णय।
SHIKHAR DARPANMonday, February 09, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में सोमवार को प्रखंड स्तरीय कचरा प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रखंड स्तरीय कचरा प्रबंधन समिति का गठन करना तथा स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा करना था। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज मरांडी ने की।बैठक में सर्वसम्मति से कचरा प्रबंधन समिति का गठन किया गया। समिति में बीडीओ मनोज मरांडी को अध्यक्ष, प्रमुख सविता टुडू को सचिव तथा पंचायत सचिव मधुबन को कोषाध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा अन्य सदस्यों को भी अलग-अलग दायित्व सौंपे जाने पर सहमति बनी, ताकि प्रखंड स्तर पर कचरा प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके।बैठक के दौरान स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने, घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे के पृथक्करण, निस्तारण की वैज्ञानिक व्यवस्था तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
साथ ही पंचायत स्तर पर नियमित निगरानी तंत्र विकसित करने और स्वच्छता कर्मियों की भूमिका को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।बीडीओ मनोज मरांडी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही सफल होने वाला अभियान है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर कचरा प्रबंधन प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि समिति के माध्यम से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा, जिससे प्रखंड को स्वच्छ और स्वस्थ बनाया जा सके।प्रमुख सविता टुडू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की जरूरत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित स्थान पर ही डालें और स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने विश्वास जताया कि समिति के गठन से प्रखंड में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों को साफ-सुथरा वातावरण मिलेगा।बैठक में प्रखंड के जनप्रतिनिधि, पंचायत सचिव, स्वच्छता कर्मी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक प्रयास से पीरटांड को स्वच्छ और आदर्श प्रखंड बनाने का संकल्प लिया।