दुमका में कूप से मिला लापता ट्रक चालक का शव, परिजनों में मातम।
SHIKHAR DARPANMonday, February 16, 2026
0
जनुआ,शिखर दर्पण संवाददाता।
जमुआ थाना क्षेत्र के कुसैया निवासी एक लापता ट्रक चालक का शव दुमका जिले में एक कूप से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुसैया निवासी रामदेव यादव ने दुमका के जामा थाना में आवेदन देकर बताया था, कि उनका पुत्र दीपक कुमार यादव ट्रक संख्या डब्ल्यूबी-39 एफ-0791 का चालक है 12 फरवरी 2026 को वह साहेबगंज स्थित डीपीएल से ट्रक खाली कर दुर्गापुर के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान जामा थाना क्षेत्र अंतर्गत चुटोनाथ मंदिर के समीप ट्रक एक बाउंड्री से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।बताया जाता है कि दुर्घटना के बाद चालक दीपक कुमार यादव अचानक लापता हो गया। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस से तलाश की गुहार लगाई थी।
सोमवार को घटना के चार दिन बाद उसी चुटोनाथ मंदिर के समीप स्थित एक कूप से युवक का शव बरामद किया गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल दुमका भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।इधर, इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही तथ्य स्पष्ट किए जाएंगे।