बहा पर्व को लेकर मधुबन में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, 20 फरवरी को वीआईपी आगमन की संभावना।
SHIKHAR DARPANMonday, February 16, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
बहा पर्व को देखते हुए सोमवार को गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार ने मधुबन स्थित दिशोम मांझीथान परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान डुमरी एसडीपीओ सुमित कुमार, पीरटांड़ बीडीओ मनोज कुमार मरांडी, सीओ ऋषिकेश मरांडी, मधुबन थाना प्रभारी संजय कुमार सहित कई संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।बहा पर्व के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मरांगबुरु पारसनाथ आगमन की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मधुबन से लेकर दिशोम मांझीथान तक यातायात, सड़क, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं पर व्यापक समीक्षा की जा रही है।
एसपी ने मधुबन बाजार से दिशोम मांझीथान तक पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और आवागमन सुगम बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पहाड़ की तलहटी से दिशोम मांझीथान तक कच्ची सड़क को दुरुस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।बताया गया है कि बहा पर्व 18 से 21 फरवरी तक मनाया जाएगा। सूत्रों के अनुसार 20 फरवरी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन के भी मरांगबुरु पारसनाथ पहुंचने की संभावना है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।