पीरटांड़ में मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना को लेकर ग्रामीणों से वार्ता, क्षति की भरपाई का आश्वासन।
SHIKHAR DARPANMonday, February 16, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड में संचालित मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना के तहत किसानों की जमीन खोदे जाने और खेतों की मेढ़ तोड़े जाने से नाराज ग्रामीणों से सोमवार को योजना के पदाधिकारियों ने वार्ता की। यह बैठक कुम्हरलालो पंचायत के दूधनिया गांव में आयोजित हुई, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।वार्ता के दौरान अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जिन किसानों के खेतों की मेढ़ क्षतिग्रस्त हुई है, उसकी विधिवत मापी कराकर मरम्मत कराई जाएगी। पाइपलाइन बिछाने के दौरान खेतों में बने गड्ढों को पूर्व स्थिति में भरवाया जाएगा। साथ ही प्रभावित खेतों की एक बार जुताई भी कराई जाएगी, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उल्लेखनीय है कि रविवार को ग्रामीणों ने दूधनिया गांव में पाइप बिछाने का कार्य रोक दिया था। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना था कि जब तक खेतों की क्षति की भरपाई और मेढ़ों की मरम्मत नहीं की जाती, तब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए योजना के कर्मी और अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से बातचीत कर समाधान का भरोसा दिलाया।जानकारी के अनुसार मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना के तहत कुम्हरलालो पंचायत के दूधनिया गांव स्थित बराकर नदी तट पर इंटेक वेल का निर्माण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त पूरे प्रखंड में सैकड़ों तालाबों के निर्माण की भी योजना है। तालाबों तक पानी पहुंचाने के लिए बड़े व्यास के पाइप बिछाए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में खेतों की सिंचाई सुनिश्चित की जा सके और किसानों को लाभ मिले।