Type Here to Get Search Results !

तिसरी में वन विभाग व ग्रामीणों के बीच विवाद बढ़ा, ट्रेंच कटाई के दौरान पथराव।

तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।

तिसरी प्रखंड अंतर्गत गुमगी मौजा में वन विभाग और ग्रामीणों के बीच चल रहा विवाद बुधवार को उस समय बढ़ गया, जब लेवडिया गांव में प्लांटेशन के लिए जेसीबी मशीन से ट्रेंच कटाई के दौरान ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इस घटना में जेसीबी का शीशा टूट गया, एक मोबाइल क्षतिग्रस्त हो गया तथा कुछ वनरक्षियों को चोटें भी आईं। सूचना मिलने पर तिसरी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए ग्रामीणों को शांत कराया।मामले में रेंजर अनिल कुमार ने बताया कि संबंधित 1200 हेक्टेयर भूमि वन विभाग की है। बीते मंगलवार को ग्रामीणों के पांच सदस्यीय शिष्टमंडल ने डीएफओ से मुलाकात की थी, जिसमें प्लांटेशन करने और फलदार पौधे लगाने पर सहमति बनी थी, ताकि ग्रामीणों को भी लाभ मिल सके। इसके बावजूद ट्रेंच कटाई के दौरान करीब 100 ग्रामीण स्थल पर पहुंचकर पथराव करने लगे।

उन्होंने कहा कि जिन ग्रामीणों के पास वैध कागजात हैं, उन्हें कोर्ट से स्टे ऑर्डर या वरिष्ठ अधिकारियों का आदेश लाने को कहा गया था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की गई। पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उच्च अधिकारियों के निर्देश पर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति कर ट्रेंच कटाई और प्लांटेशन कार्य जारी रखा जाएगा।वहीं, डीएफओ से मिलने गए तिसरी दक्षिणी भाग के जिला परिषद सदस्य रामकुमार राउत ने कहा कि मंगलवार को हुई वार्ता में फलदार वृक्ष लगाने पर सहमति बनी थी और इस संबंध में ग्रामीणों के साथ बैठक होनी थी। उनका कहना है कि बैठक से पहले ही वन विभाग द्वारा जेसीबी लगाकर ट्रेंच कटाई शुरू कर दी गई। उन्होंने पथराव की घटना की जानकारी होने से इनकार किया।उल्लेखनीय है कि बीते सोमवार को भी वन विभाग की टीम जब पुलिस बल के साथ ट्रेंच कटाई के लिए पहुंची थी, तब ग्रामीणों ने राउतडीह में सड़क जाम कर लगभग पांच घंटे तक टीम को रोक रखा था। बाद में रेंजर से वार्ता के उपरांत जाम हटाया गया था।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.