Type Here to Get Search Results !

मधुबन में आगामी बाहा पर्व को लेकर अहम बैठक, विधि-व्यवस्था व सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा।

पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।

मधुबन गेस्ट हाउस में आगामी बाहा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डुमरी अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) संतोष गुप्ता ने की, जबकि संचालन पीरटांड प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज मरांडी ने किया।बैठक में एसडीपीओ सुमित प्रसाद, पीरटांड अंचल अधिकारी ऋषिकेश मरांडी, डुमरी प्रखंड विकास पदाधिकारी, मधुबन थाना प्रभारी संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त पीरटांड प्रखंड के कई जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण भी बैठक में शामिल हुए।बैठक के दौरान आगामी बाहा पर्व को लेकर व्यापक स्तर पर विचार-विमर्श किया गया। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, सुरक्षा प्रबंध, साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा तथा आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने कहा कि बाहा पर्व क्षेत्र की आस्था और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इसलिए प्रशासन की प्राथमिकता इसे शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विशेष रणनीति पर भी चर्चा की गई। संवेदनशील स्थलों की पहचान, पुलिस बल की तैनाती, गश्ती व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा किसी भी अफवाह या अप्रिय घटना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। एसडीओ संतोष गुप्ता ने सभी अधिकारियों को सतर्क रहते हुए अपने कार्य को करने का निर्देश दिया और कहा कि पर्व के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से भी प्रशासन का सहयोग करने तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।बैठक का समापन आपसी सहयोग, समन्वय और शांतिपूर्ण माहौल में बाहा पर्व संपन्न कराने के संकल्प के साथ हुआ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.