Type Here to Get Search Results !

वनरोपण के लिए ट्रेंच काटने गई वन विभाग की टीम को ग्रामीणों ने 5 घंटे तक रोका।

*ग्रामीणों को मिली एक दिन की मोहलत, स्टे नहीं लगने पर बुधवार से काम शुरू : रेंजर।

तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।

तिसरी प्रखंड अंतर्गत गुमगी मौजा के जमीन पर वन विभाग और ग्रामीणों के बीच चल रहे विवाद में दोनों पक्ष एक दूसरे के आमने-सामने आ गए हैं। सोमवार को पुलिस बल के साथ उक्त जमीन पर ट्रेंच काटने पहुंची वन विभाग की टीम को ग्रामीणों ने बीच रास्ते में ही सड़क जाम कर रोक दिया। मौके पर उपस्थित वनपाल अभिमित राज व अन्य वनकर्मियों ने ग्रामीणों को समझने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण नहीं माने और लगभग 5 घंटे तक टीम का रास्ता रोके रखा। बाद में गांवा वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की। इसके बाद टीम वापस लौट गई।मौके पर जिप सदस्य रामकुमार राउत ने कहा कि गुमगी मौजा के लगभग 1200 हेक्टेयर भूमि पर वन विभाग ट्रेंच काटकर वनरोपण का काम कर रही है, जिसमें स्थानीय किसानों की बहुत जमीन जा रही है। उक्त जमीन पर किसान पुरखों से जोत आबाद करते आ रहे हैं।

कहा कि किसानों की जमीन छीन जाने से कई किसानों के समक्ष भुखमरी की भी स्थिति उत्पन्न होने वाली है। उन्होंने वन विभाग से आग्रह किया है कि लगभग 100 हेक्टेयर खेतीहर भूमि को छोड़कर बाकी के जमीन पर विभाग वनरोपण करे। इसको लेकर वे गिरिडीह डीएफओ से मुलाकात कर इसकी मांग करेंगे।वहीं इस संबंध में वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि वन भूमि पर वृक्षारोपण का कार्य करवाया जा रहा है,जिसमें ग्रामीणों द्वारा आपत्ति किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वरिय पदाधिकारी के निर्देश पर वृक्षारोपण का कार्य करवाया जा रहा है और इसमें बाधा पहुंचाने वाले या इसे रोकने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी।वहीं उन्होंने ग्रामीणों को वरिय पदाधिकारी से मिलकर या न्यायालय से स्टेय ऑर्डर लाने के लिए एक दिन का समय दिया है। रेंजर ने कहा कि मंगलवार तक यदि कार्य को रोकने का आदेश नहीं मिला तो बुधवार से पुनः ट्रेंच काटने का काम किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.