खुखरा थाना क्षेत्र के खुखरा स्थित छोटानागपुर वसु इंटरनेशनल स्कूल में एकल आरोग्य फाउंडेशन आफ इंडिया द्वारा आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का समापन मंगलवार को किया गया । शिविर 7 फरवरी से शुरू हुआ था, जिसमें ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चे और अभिभावक बारी-बारी से अपनी जांच करवाने पहुंचे।शिविर के दौरान कुल 485 लोगों की आंखों की जांच की गई, जिनमें से 50 लोगों में दृष्टि संबंधी समस्याएं पाई गईं। ऐसे मरीजों को आवश्यक सुविधाएं और परामर्श प्रदान किया गया।
इस अवसर पर डॉ. विपीन कुमार ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि मोबाइल का अत्यधिक उपयोग आंखों के लिए हानिकारक है। उन्होंने मनोरंजन के लिए मोबाइल की जगह टेलीविजन का सीमित उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को लंबे समय तक मोबाइल देखने से रोकें, क्योंकि इससे आंखों की समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के शिक्षकों एवं उप-प्राचार्य ने सभी से अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने तथा मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का सीमित उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर ही शारीरिक समस्याओं से बचा जा सकता है।