पीरटांड़ प्रखंड में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई महाशिवरात्रि, मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़।
SHIKHAR DARPANSunday, February 15, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में महाशिवरात्रि का पावन पर्व गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि, शांति तथा मंगलकामना की प्रार्थना की। मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “भोले बाबा की जय” के जयघोष से गूंज उठे।पालगंज स्थित प्राचीन महादेवमंडा शिव मंदिर, मधुबन का प्राचीन हनुमान मंदिर, सिंहपुर मंदिर, खुखरा का शिव-पार्वती मंदिर तथा बराकर क्षेत्र के प्रसिद्ध मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। हजारों की संख्या में महिला-पुरुष और युवाओं ने जलाभिषेक किया। विशेष रूप से महिलाओं ने उपवास रखकर कतार में लगकर जल अर्पित किया और अपने परिवार की खुशहाली के लिए भगवान शिव से मन्नतें मांगीं।
ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे-बड़े मंदिरों में भी महाशिवरात्रि को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। उपवास रखने वाली महिलाएं और युवतियां पूरे दिन पूजा-अर्चना में लीन रहीं। मंदिरों में शिव भजनों और कीर्तन का आयोजन हुआ, जहां श्रद्धालु भक्ति में डूबकर नृत्य करते नजर आए। कई स्थानों पर रात्रि जागरण और भजन-कीर्तन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।मंदिर परिसरों के बाहर लगे मेले में बच्चों और ग्रामीणों की अच्छी-खासी भीड़ रही। बच्चों ने खिलौनों, मिठाइयों और अन्य सामग्री की खरीदारी का आनंद लिया, वहीं स्थानीय दुकानदारों में भी उत्साह देखा गया।पर्व के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख मंदिरों के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन की सतर्कता और लोगों के सहयोग से महाशिवरात्रि का पर्व पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।