पीरटांड़ में मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना का विरोध, ग्रामीणों ने काम रुकवाया।
SHIKHAR DARPANSunday, February 15, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड में संचालित मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना के तहत किसानों की जमीन खोदे जाने से नाराज स्थानीय ग्रामीणों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक किसानों के खेतों की क्षति की भरपाई कर टूटी मेढ़ों को दुरुस्त नहीं किया जाएगा, तब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा। फिलहाल ग्रामीणों के विरोध के बाद कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।जानकारी के अनुसार, योजना के तहत कुम्हरलालो पंचायत के दूधनिया गांव स्थित बराकर नदी तट पर इंटेक वेल का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा पूरे प्रखंड में सैकड़ों तालाब बनाए जा रहे हैं, जिन तक पानी पहुंचाने के लिए बड़े-बड़े पाइप बिछाए जा रहे हैं, ताकि बाद में खेतों की सिंचाई हो सके।
ग्रामीणों का आरोप है कि पाइप बिछाने के दौरान भारी मशीनों के उपयोग से खेतों की मेढ़ें टूट रही हैं और जमीन की पहचान करना मुश्किल हो गया है। इससे किसानों में काफी आक्रोश है। रविवार को संथाली महिला-पुरुषों की बड़ी संख्या कार्यस्थल पर पहुंची और निर्माण कार्य में लगे कर्मियों से विवाद हो गया। बाद में स्थानीय मुखिया की मौजूदगी में बैठक कर निर्माण कार्य को अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया गया।ग्रामीण सहदेव किस्कू, मांडू किस्कू तथा कुम्हरलालो मुखिया के पति सुभाष बरनवाल सहित अन्य लोगों ने बताया कि इंटेक वेल से पाइप के जरिए तालाबों तक पानी पहुंचाया जाएगा, लेकिन मेढ़ टूटने से यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि किस किसान की कितनी जमीन है। उन्होंने मांग की कि पहले क्षतिग्रस्त मेढ़ों की मरम्मत कराई जाए, उसके बाद ही निर्माण कार्य दोबारा शुरू किया जाए।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने तक मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना का कार्य बंद रखा जाएगा।