Type Here to Get Search Results !

बजट को लेकर राजनीति गरम: विपक्ष ने किया विरोध, सत्तापक्ष ने बताया राष्ट्र निर्माण का आधार।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

*केंद्रीय बजट से मेहनतकशों को निराशा – राजेश यादव
केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक राजेश यादव ने कहा कि केंद्र सरकार का यह बजट देश के करोड़ों मेहनतकशों, किसानों और मजदूरों के हितों की अनदेखी करता है। उन्होंने कहा कि इस बजट से न तो किसानों की आय बढ़ेगी और न ही दिहाड़ी मजदूरों की स्थिति में कोई सुधार होगा। सरकार 2047 के विकसित भारत की बात कर रही है, लेकिन जनता 2029 और पिछले बजट के वास्तविक परिणाम जानना चाहती है। कुल मिलाकर यह बजट आम जनता के लिए निराशाजनक है।
*जनविरोधी है केंद्रीय बजट – भाकपा माले:-
केंद्रीय बजट पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाकपा माले नेता राजेश सिन्हा ने कहा कि यह बजट पूरी तरह जनविरोधी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट में गरीब, किसान, छात्र, महिला और मजदूर वर्ग के हितों की पूरी तरह अनदेखी की गई है।राजेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा सरकार ने इस बजट के माध्यम से पूंजीपतियों को खुलकर फायदा पहुंचाने का काम किया है, जबकि आम जनता के लिए इसमें कुछ भी ठोस नहीं है। उन्होंने कहा कि इससे साफ जाहिर होता है कि केंद्र सरकार गरीबों और मेहनतकश वर्ग के बारे में गंभीर नहीं है। भाकपा माले इस बजट का पुरजोर विरोध करती है और जनहित में बजट में बदलाव की मांग करती है।

*बजट में महंगाई से नहीं मिली राहत- झामुमो:-
झामुमो गिरिडीह के जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा ने भारत सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 का रविवार को पेश बजट को जनता के लिए झुनझुना बताया। उन्होंने कहा कि बजट में जनता को महंगाई से राहत नहीं मिली। जब से  केन्द्र में भाजपा की सरकार आई है महंगाई चरम पर है। पेट्रोल, डीजल, घरेलू गैस के दाम स्थिर हैं। लगभग सारे चीजों के दाम दोगुने हो गये हैं। इस बजट में भी जनता को महंगाई से कोई राहत नहीं मिली। उन्होंने कहा कि बजट में झारखंड को एक लाख छतीस हजार करोड़ रू बकाया भी नहीं मिला । इस बजट से झारखंड की जनता में निराशा है ।
*सर्वस्पर्शी और संतुलित बजट – अभिनव:-
केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रवासी विस्तारक अभिनव जीत ने इसे संतुलित, सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है। अभिनव ने कहा कि दवाइयों, सोलर, सीएनजी और बैटरी सस्ती होने से आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा। दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए दिव्यांग कौशल योजना और दिव्यांग सहारा योजना जैसी पहलें रोजगार, कौशल विकास और सहायक उपकरणों तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित करेंगी। अभिनव के अनुसार यह बजट “सबका साथ, सबका विश्वास” के मूलमंत्र को दर्शाता है और सभी वर्गों को ध्यान में रखकर पेश किया गया है।
*राष्ट्र के गौरव को समर्पित सर्वस्पर्शी बजट – राजकुमार राज:-
राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज ने आज पेश किए गए वर्ष 2026–27 के केंद्रीय बजट का स्वागत करते हुए इसे राष्ट्र के गौरव के लिए समर्पित, सर्वव्यापी एवं सर्वस्पर्शी बजट बताया।राजकुमार राज ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है। इसमे समाज के सभी वर्गों के समृद्ध और संतुलित विकास को लेकर सकारात्मक उम्मीद दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि यह बजट देश को आर्थिक मजबूती देने के साथ-साथ विकास की नई संभावनाएं भी पैदा करेगा।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.