बजट आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरा : ऋषिकेश मिश्रा।
SHIKHAR DARPANSunday, February 01, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026 का आम बजट देश की आम जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह विफल साबित हुआ है। यह आरोप कांग्रेस पार्टी झारखंड के प्रदेश सचिव एवं सह प्रदेश अध्यक्ष, युवा इंटक झारखंड ऋषिकेश मिश्रा (अधिवक्ता) ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर लगाया।ऋषिकेश मिश्रा ने कहा कि यह बजट स्पष्ट रूप से कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से तैयार किया गया प्रतीत होता है, जबकि किसान, मजदूर, महिलाएं, युवा और मध्यम वर्ग पूरी तरह उपेक्षित रह गए हैं। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र, जो देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, उसके लिए इस बजट में कोई ठोस और दूरगामी योजना नजर नहीं आती। किसानों की आय दोगुनी करने के दावों के बावजूद उन्हें राहत देने या लागत कम करने की दिशा में कोई प्रभावी घोषणा नहीं की गई।
उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और आर्थिक भागीदारी को बढ़ाने के लिए भी बजट में कोई विशेष प्रावधान नहीं किया गया है। महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रहे मध्यम वर्ग को भी इस बजट से कोई सीधा लाभ नहीं मिला है। ऐसा लगता है कि निकट भविष्य में कोई चुनाव नहीं होने के कारण मध्यम वर्ग को नजरअंदाज कर दिया गया है।रक्षा क्षेत्र को लेकर भी उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि देश की सुरक्षा से जुड़े इस महत्वपूर्ण सेक्टर पर वित्त मंत्री द्वारा कोई स्पष्ट और प्रभावी दृष्टिकोण सामने नहीं रखा गया, जो चिंता का विषय है। वहीं मजदूर वर्ग और युवाओं के रोजगार सृजन को लेकर भी बजट में कोई ठोस रोडमैप नहीं है। बेरोजगारी आज देश की सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है, लेकिन युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए सरकार की मंशा इस बजट में दिखाई नहीं देती।ऋषिकेश मिश्रा ने कहा कि यह बजट जनहित की अपेक्षाओं को पूरा करने में पूरी तरह असफल रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और मध्यम वर्ग के हितों को प्राथमिकता देते हुए बजट पर पुनर्विचार किया जाए।