मोहनपुर में युवक को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश, सदर अस्पताल में चल रहा इलाज।
SHIKHAR DARPANSaturday, February 21, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
पचंबा थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव की चांदनी प्रवीण ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके बेटे जेशान अंसारी पर पड़ोस के दो युवकों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे जेशान का इलाज गिरिडीह सदर अस्पताल में जारी है।आवेदन के अनुसार 20 फरवरी की शाम करीब 6:30 बजे रोजा इफ्तार के दौरान अयान अंसारी (पिता: मो. बबलू) और मो. ताज (पिता: मो. मोसीम अंसारी), दोनों निवासी मोहनपुर, जेशान को घर से बुलाकर ग्वाला पट्टी कुआं के पास एक सुनसान गली में ले गए। आरोप है कि वहां अयान ने जेशान के शरीर पर पेट्रोल छिड़का और मो. ताज को माचिस जलाने का इशारा किया। माचिस जलाते ही जेशान आग की लपटों में घिर गया।
बताया जाता है कि जेशान किसी तरह जान बचाकर चिल्लाते हुए घर पहुंचा। परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई और जेशान ने अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे तुरंत गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।चांदनी प्रवीण ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि चार-पांच महीने पूर्व जेशान का दोनों आरोपियों से विवाद हुआ था, जिसे मोहल्ले के सरदार और सेक्रेटरी की पहल पर सुलझा लिया गया था। हालांकि, उस समय आरोपियों द्वारा भविष्य में देख लेने की धमकी देने की बात भी सामने आई थी। परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के कारण ही इस घटना को अंजाम दिया गया।मामले में पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि की है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की बात कही है।