Type Here to Get Search Results !

पालगंज सीएचसी के नए भवन निर्माण में अनियमितता के आरोप, बिना सूचना बोर्ड और शिलान्यास के शुरू हुआ काम।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड प्रखंड के पालगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के नए भवन निर्माण कार्य में अनियमितता बरते जाने के आरोप सामने आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य तेजी से शुरू तो कर दिया गया है, लेकिन कार्यस्थल पर न तो किसी प्रकार का सूचना बोर्ड लगाया गया है और न ही भवन का विधिवत शिलान्यास कराया गया है। ऐसे में निर्माण कार्य की लागत, स्वीकृत प्राक्कलन तथा योजना से संबंधित जानकारी आम लोगों को उपलब्ध नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण कार्य सीधे अधिकृत ठेकेदार की देखरेख में नहीं कराया जा रहा है, बल्कि पेटी कॉन्ट्रैक्ट के माध्यम से काम करवाया जा रहा है। इससे कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं।

कुछ लोगों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि भवन की जमीन का फाउंडेशन भी मानक के अनुरूप मजबूत नहीं बनाया गया है और जल्दबाजी में ढांचा खड़ा किया जा रहा है, जो भविष्य में खतरे का कारण बन सकता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि स्वास्थ्य जैसी महत्वपूर्ण सुविधा से जुड़े निर्माण कार्य में यदि शुरुआत से ही पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित नहीं की गई, तो इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, सूचना बोर्ड लगाया जाए और स्वीकृत योजना की पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाए।
*वही इस मामले में सम्बंधित विभाग के जे०ई० ने कहा कि शिला पट अभी तक शिलान्यास नही हुआ है ऑनलाइन किया गया है। होने के कब लगा दिया जाए गा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.