भलूवाही में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताया हत्या का शक।
SHIKHAR DARPANWednesday, February 18, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह जिले के हिरोडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत भलूवाही गांव में 22 वर्षीय राखी कुमारी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की शादी 20 अप्रैल 2025 को सत्यम कुमार के साथ हुई थी। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।मृतका के चाचा सेवक कुमार ने बताया कि ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर पहले सूचना दी गई कि राखी बेहोश हो गई है और उसे इलाज के लिए जमुआ ले जाया जा रहा है।
कुछ देर बाद परिजनों को बताया गया कि उसने जहर खा लिया है, जबकि बाद में फांसी लगाने की बात कही गई।अलग-अलग तरह की सूचना मिलने से परिजनों को संदेह हुआ। उन्होंने इसे हत्या बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।घटना की सूचना मिलते ही हिरोडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।