गलत रूट पर सड़क निर्माण का आरोप, ग्रामीणों ने रोका काम।
SHIKHAR DARPANSaturday, February 14, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड के पालगंज पंचायत अंतर्गत पालगंज बढ़ई टोला से कोयवाटांड़ तक मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। शनिवार को कोयवाटांड़ के ग्रामीणों ने यह आरोप लगाते हुए निर्माण कार्य रोक दिया कि सड़क निर्धारित मार्ग के बजाय गलत रूट से बनाई जा रही है।ग्रामीणों का कहना है कि जिस मार्ग से सड़क का निर्माण किया जा रहा है, उससे आम लोगों को अपेक्षित सुविधा नहीं मिलेगी। उनका तर्क था कि यदि सड़क से ग्रामीणों को सहूलियत ही नहीं होगी, तो दूसरे रूट से निर्माण का कोई औचित्य नहीं है।
मामले को लेकर संवेदक ने पीरटांड़ थाना में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी दीपेश कुमार मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत की। इस दौरान संवेदक और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक बहस होती रही।स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी ने विवादित स्थल पर दो दिनों तक निर्माण कार्य नहीं करने का निर्देश दिया। साथ ही ग्रामीणों से कहा कि वे दो दिनों के भीतर वरीय अधिकारियों से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि मामले का निष्पादन किया जा सके।
*क्या है मामला :- स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार पालगंज बढ़ई टोला से कोयवाटांड़ तक बनने वाली सड़क के प्रस्तावित मार्ग में वन भूमि भी आती है। ग्रामसभा कर एनओसी के लिए वन विभाग को प्रस्ताव भेजा गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस रूट को ग्रामसभा ने चिन्हित किया था, उस पर अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं दिया गया, बल्कि थोड़ी दूरी पर दूसरे स्थान से एनओसी जारी कर दी गई, जो कोयवाटांड़ के लोगों के लिए सुविधाजनक नहीं होगा। फिलहाल प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद विवादित स्थल पर निर्माण कार्य दो दिनों के लिए अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है, जबकि जहां कोई विवाद नहीं है वहां संवेदक द्वारा काम जारी रखा गया है।