Type Here to Get Search Results !

धनवार से लापता 12 वर्षीय बालक का शव कुएं से बरामद होने की आशंका, ग्रामीणों में आक्रोश।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह जिले के धनवार नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत मायाराम टोला से चार दिन पूर्व लापता हुए 12 वर्षीय बालक आयुष कुमार का शव शनिवार को बुधुआडीह स्थित नवलखा डेम के समीप एक कुएं में मिलने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।मायाराम टोला निवासी राजेंद्र कुमार राय ने बताया कि वे गेहूं के खेत में सिंचाई के दौरान कुएं में पाइप डाल रहे थे, तभी उन्हें पानी में एक शव तैरता दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तुरंत ग्रामीणों और स्थानीय पुलिस प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कुएं को अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।घटना की खबर फैलते ही धनवार क्षेत्र के दर्जनों गांवों से हजारों लोग मौके पर पहुंच गए। 

ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया और हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। परिजनों के अनुसार आयुष कुमार 10 फरवरी की शाम स्कूल से घर लौटने के बाद खेलने निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं आया। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की सूचना दी थी।चार दिन बाद कुएं में शव मिलने की खबर से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। धनवार सहित आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और शव निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। फिलहाल फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर मामले की गहन जांच की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक शव की आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं हो सकी थी और पूरे क्षेत्र में शोक व तनाव का माहौल बना हुआ है।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.