सऊदी में प्रवासी मजदूर की मौत पर डुमरी में बेमियादी धरना जारी।
SHIKHAR DARPANWednesday, February 18, 2026
0
डुमरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
मधगोपाली पंचायत के दुधपनिया गांव निवासी सह प्रवासी मजदूर विजय कुमार महतो की सऊदी अरब में हुई मौत तथा बिना मुआवजा भुगतान के शव मंगाने के मामले को लेकर परिजनों व ग्रामीणों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। डुमरी थाना प्रभारी की संदिग्ध भूमिका का आरोप लगाते हुए मृतक के परिजनों एवं पंचायत के दर्जनों महिला-पुरुषों द्वारा 17 फरवरी से अनुमंडल कार्यालय परिसर में शुरू किया गया बेमियादी धरना दूसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा।खबर प्रेषण तक धरनास्थल पर किसी भी पदाधिकारी के वार्ता के लिए नहीं पहुंचने से लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है। धरना का नेतृत्व पूर्व मुखिया सह डुमरी विधायक प्रतिनिधि रामप्रसाद महतो कर रहे हैं। उनके साथ मृतक के पिता सूर्यनारायण महतो, चाचा लोकनाथ महतो तथा ससुर चिंतामन महतो भी धरने में शामिल हैं।
दूसरे दिन के धरने में झारखंड एकीकृत किसान मजदूर यूनियन (झाएकिमयू) के केंद्रीय अध्यक्ष गंगाधर महतो, केंद्रीय महासचिव रवीन्द्र कुमार, प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली, मोहन महतो सहित कई लोग शामिल हुए और आंदोलन को समर्थन दिया। वक्ताओं ने सरकार व वरीय पदाधिकारियों से मामले का सम्मानजनक समाधान निकालने की मांग की।धरना में मृतक की पत्नी बसंती देवी अपने दो छोटे बच्चों के साथ उपस्थित रहीं। परिजनों ने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच शुरू कराने, मुआवजा प्रक्रिया को विधिसम्मत एवं पारदर्शी ढंग से पुनः प्रारंभ कराने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग दोहराई।धरनार्थियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस पहल नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।