बाबूलाल मरांडी का हेमंत सरकार पर निशाना, ईवीएम से चुनाव कराने और केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग।
SHIKHAR DARPANFriday, February 13, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
झारखंड में होने वाले चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव दलगत आधार पर निष्पक्ष तरीके से कराया जाना चाहिए था और मतदान ईवीएम मशीन से ही होना चाहिए।उन्होंने कहा कि ईवीएम से हटकर बैलेट पेपर से चुनाव कराने का निर्णय कई सवाल खड़े करता है। मरांडी के अनुसार बैलेट पेपर से चुनाव होने पर धांधली की संभावना बढ़ जाती है, जबकि पहले बैलेट पेपर के दौर में व्यापक गड़बड़ियां देखने को मिलती थीं। इसलिए पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ईवीएम प्रणाली पर भरोसा किया जाना चाहिए।
मरांडी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार जानबूझकर ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने की दिशा में कदम उठा रही है, जिससे चुनाव की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न लग सकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने समर्पित प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी।साथ ही मरांडी ने झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग से सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हो सके।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव आवश्यक है, इसलिए सरकार को इस फैसले पर पुनर्विचार करते हुए ईवीएम से ही चुनाव कराने का निर्णय लेना चाहिए।