सरिया में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आए बाइक सवार युवक की मौत, इलाके में शोक व आक्रोश।
SHIKHAR DARPANWednesday, February 11, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
सरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बागोडीह मोड़ पर मंगलवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान जमुआ थाना क्षेत्र के तारा निवासी 20 वर्षीय सत्यम कुमार के रूप में की गई है।मिली जानकारी के अनुसार सत्यम कुमार एक शोरूम से मोटरसाइकिल लेकर दूसरे शोरूम में पहुंचाने जा रहा था। इसी दौरान बागोडीह मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक बाइक समेत युवक को करीब 15 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी वाहन छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही सरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है।घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बागोडीह मोड़ पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई और ठोस सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।