डुमरी में वाहन से चार मवेशी बरामद, दो की मौत; स्कॉर्पियो जब्त, आरोपित फरार।
SHIKHAR DARPANWednesday, February 11, 2026
0
डुमरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
डुमरी थाना क्षेत्र के जामतारा स्कूल के समीप मंगलवार देर रात चार मवेशियों को ले जा रही एक स्कॉर्पियो (जेएच 05टी 2613) को ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने जब्त कर लिया। बेतरतीब तरीके से मुंह बांधकर ले जाए जा रहे मवेशियों में से दो की मौत हो गई, जिन्हें दफना दिया गया, जबकि दो जीवित मवेशियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया।बताया जाता है कि वाहन में चारों मवेशियों को गिरिडीह की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उक्त स्थान पर वाहन खराब हो गया। मवेशियों द्वारा सिर मारकर वाहन का शीशा तोड़ने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए और बाहर निकलकर देखा कि स्कॉर्पियो में मवेशी लदे हैं।
इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों के जुटने पर वाहन में सवार लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को जब्त कर थाना ले आई। दो मृत मवेशियों को दफनाया गया, जबकि दो जीवित मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। थाना प्रभारी प्रणीत पटेल ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। इधर, संयुक्त सनातन गौ रक्षा वाहिनी के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय जायसवाल, अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष बिरेन्द्र पांडे, आकाश रंगरेज, युवा कांग्रेस के गिरिडीह जिला उपाध्यक्ष गुड्डु मलिक, झाएकिमयू के केंद्रीय अध्यक्ष गंगाधर महतो सहित अन्य लोगों ने पुलिस प्रशासन से इस कृत्य में शामिल आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।