Type Here to Get Search Results !

पीरटांड़ प्रखंड में मैट्रिक व इंटर की परीक्षा शांतिपूर्ण शुरू, प्रशासन रहा मुस्तैद।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड़ प्रखंड में झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा आयोजित मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा मंगलवार से शुरू हो गई। पहले दिन दोनों परीक्षाओं में वोकेशनल विषय की परीक्षा आयोजित की गई। प्रखंड के कुल पाँच परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए।मैट्रिक परीक्षा में कुल 242 परीक्षार्थी में 240 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जबकि 2 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 225 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, हालांकि कुछ परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। मैट्रिक की परीक्षा सुबह 9:45 बजे से प्रारंभ हुई, जबकि इंटर की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शुरू की गई।

दोनों पालियों में परीक्षार्थियों को प्रश्न पत्र पढ़ने एवं समझने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया।परीक्षा को कदाचार मुक्त बनाने के लिए प्रशासन द्वारा कड़े इंतजाम किए गए थे। सभी परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, पेजर, व्हाइटनर, इरेजर, कैलकुलेटर और ईयरफोन जैसे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था। केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व सघन जांच की व्यवस्था की गई थी।प्रशासनिक सख्ती के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रशासनिक टीम तैनात रही। वही बीडीओ मनोज मराड़ी सहित संबंधित थाना प्रभारी स्वयं परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच करते नजर आए। इसके अलावा अधिकारियों की विशेष टीम भी औचक निरीक्षण के लिए केंद्रों पर पहुंची। परीक्षा केंद्रों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षार्थियों पर कड़ी निगरानी रखी गई।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.