कोयला लोडिंग विवाद में हिंसक झड़प, आजसू नेता समेत तीन घायल।
SHIKHAR DARPANFriday, February 06, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बनियाडीह में शुक्रवार रात कोयला लोडिंग को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें आजसू पार्टी के कार्यकारी जिलाध्यक्ष व ट्रक एसोसिएशन के अध्यक्ष कंपू यादव समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को मुफ्फसिल पुलिस ने तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया। घटना के संबंध में कंपू यादव ने बताया कि सीसीएल द्वारा एक ट्रक में कोयला लोड किया गया था, लेकिन कांटा करने के बाद सही वजन नहीं किया गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। आरोप है कि बहस के दौरान मौजूद कुछ लोगों ने कंपू यादव पर जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके साथियों पर भी लाठियों और मुक्कों से हमला किया गया।
मारपीट में कंपू यादव, युवराज सिंह और महेश कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।इलाज के बाद कंपू यादव ने मुफ्फसिल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इधर, सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।क्षेत्र में कोयला लोडिंग के दौरान वजन को लेकर विवाद आम बात है, लेकिन इस बार मामला हिंसा में बदल जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।