Type Here to Get Search Results !

अवैध बालू तस्करी के खिलाफ खनन विभाग व पुलिस की कार्रवाई, कई ट्रैक्टर जब्त।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह में अवैध बालू तस्करी के खिलाफ खनन विभाग और मुफ्फसिल पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए कई ट्रैक्टर जब्त किए हैं। जानकारी के अनुसार, मटरुखा पंचायत से पीरटांड़ जाने वाले फतेहपुर पुल के पास से तीन अवैध बालू लदे ट्रैक्टर पकड़े गए। वहीं पालमो पंचायत और बंदरकूपी के समीप से भी दो बालू लदे ट्रैक्टर जब्त किए गए।अधिकारियों की टीम महतोडीह क्षेत्र में भी पहुंची, जहां सैकड़ों ट्रैक्टरों के बराबर बालू डंप पाया गया। हालांकि टीम के पहुंचने से पहले ही तस्कर वाहन लेकर फरार हो गए। इसके अलावा पालमो और बराकर नदी क्षेत्र में भी छापेमारी की गई।

बताया जाता है कि सदर प्रखंड के मटरुखा, हजारीबाद, पीरटांड़ और गिरिडीह-डुमरी मुख्य सड़क के बराकर नदी तट से अवैध रूप से बालू की ढुलाई कर उसे धनबाद जिले में तस्करी की जाती है। खनन निरीक्षक विश्वनाथ उरांव ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि अवैध बालू लदे ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं तथा मटरुखा और आसपास के क्षेत्रों में भारी मात्रा में अवैध बालू डंप मिला है। अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और किसी भी सूरत में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने भी कहा कि अवैध खनन और तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.