Type Here to Get Search Results !

हरलाडीह दुष्कर्म कांड को लेकर संथाल समाज का उग्र प्रदर्शन, आक्रोश रैली निकालकर गिरफ्तारी की मांग।

पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड प्रखंड के हरलाडीह में घटित दुष्कर्म की जघन्य घटना को लेकर रविवार को संथाल समाज के बैनर तले एक विशाल आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष शामिल हुए। घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।आक्रोश रैली हरलाडीह बाजार से प्रारंभ होकर जुलूस की शक्ल में पूरे बाजार क्षेत्र का भ्रमण करते हुए हरलाडीह ओपी परिसर तक पहुंची। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। रैली में शामिल लोगों के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर “बलात्कारी को गिरफ्तार करो”, “गिरिडीह पुलिस हाय-हाय”, “आदिवासियों पर अत्याचार बंद करो”, “पीड़िता को न्याय दो” जैसे नारों से प्रशासन को चेतावनी दी गई।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि घटना के इतने दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस की कार्रवाई सुस्त है, जिससे अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है। संथाल समाज के नेताओं ने कहा कि यदि जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।रैली में शामिल महिलाओं ने भी खुलकर विरोध जताया और कहा कि आदिवासी समाज की बेटियों के साथ हो रहे अत्याचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।आक्रोश रैली में पूर्व प्रमुख सिकंदर हेंब्रम, अशोक हेंब्रम, सुशांत सोरेन, राजेश सोरेन सहित संथाल समाज के कई सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिला व पुरुष मौजूद थे। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पर नजर बनाए रखी गई।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.