Type Here to Get Search Results !

मछली की पेटियों में छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब, उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई/निमियाघाट व सरिया से अवैध शराब लदी दो पिकअप वैन जब्त, दो गिरफ्तार।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

नगर निगम चुनाव को लेकर अवैध शराब कारोबार पर शिकंजा कसते हुए उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक श्रीकांत यशवंत विस्पुते के नेतृत्व में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी–बोकारो फुसरो रोड तथा सरिया थाना क्षेत्र के कोइरीडीह बाजार से अवैध शराब लदी दो पिकअप वैन को जब्त किया है। इस दौरान टीम ने एक शराब तस्कर और एक वाहन चालक को गिरफ्तार किया है।

छापेमारी के दौरान दोनों वाहनों से कुल 141 पेटी विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। जब्त शराब में रॉयल स्टैग 180 एमएल – 19 पेटी,बी-7 375 एमएल – 25 पेटी,आईकोनिक 375 एमएल – 57 पेटी,ब्लेंडर प्राइड 375 एमएल – 4 पेटी,रॉयल स्टैग 375 एमएल – 16 पेटी,रॉयल चैलेंज 375 एमएल – 20 पेटी शामिल है।बताया जा रहा है कि शराब माफिया चुनाव को देखते हुए जांच से बचने के लिए मछली लाने वाली पेटियों में शराब छिपाकर तस्करी कर रहे थे। हालांकि उत्पाद विभाग की सतर्कता से उनकी यह साजिश नाकाम हो गई।फिलहाल उत्पाद विभाग की टीम इस अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य तस्करों और नेटवर्क की पहचान में जुटी हुई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव को लेकर आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.