राज्य में मैट्रिक–इंटर परीक्षा शुरू, गिरिडीह में 67,964 परीक्षार्थी होंगे शामिल।
SHIKHAR DARPANMonday, February 02, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षाएं मंगलवार, 3 फरवरी से पूरे राज्य में शुरू हो गईं। इस अवसर पर गिरिडीह जिले में भी परीक्षा का शुभारंभ कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच किया गया। जिले में इस वर्ष कुल 67,964 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इनमें मैट्रिक के 40,827 तथा इंटरमीडिएट के 27,137 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षाओं के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए जिले में कुल 158 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें मैट्रिक के लिए 95 और इंटरमीडिएट के लिए 63 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं स्टैटिक दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। इधर, जैक के सचिव जयंत कुमार मिश्र ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि परीक्षाओं में कदाचार को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक तैयारियों और कड़ी निगरानी के बीच परीक्षार्थियों ने शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर अपनी परीक्षा दी।