बड़की सरिया का वार्ड नंबर 6 से सबसे कम उम्र की प्रत्याशी ने जीत दर्ज की।
SHIKHAR DARPANFriday, February 27, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
निकाय चुनाव में जहां कई बड़ी हस्तियों को हार का सामना करना पड़ा और कई राजनीतिक सूरमाओं की साख पर जनता के वोट ने ग्रहण लगा दिया, वहीं गिरिडीह जिले के बड़की सरिया का वार्ड नंबर 6 खास चर्चा का विषय बन गया। वजह बनीं महज 22 साल की छात्रा कल्पना कुमारी, जिन्होंने जीत दर्ज कर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। कम उम्र में मिली इस बड़ी जिम्मेदारी ने यह साबित कर दिया कि जनता अब नए और युवा चेहरों पर भी भरोसा जता रही है। जीत के बाद प्रमाण पत्र लेने पहुंची कल्पना कुमारी ने कहा कि वह अपनी पढ़ाई जारी रखेंगी और साथ ही वार्ड की जिम्मेदारियों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगी।
फिलहाल वह पीजी की तैयारी कर रही हैं। कल्पना ने कहा, “जो जनता से जुड़ेगा, उसे जनता भी प्यार देगी।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि वार्ड नंबर 6 को साफ-सुथरा, व्यवस्थित और सुंदर वार्ड बनाने की दिशा में प्राथमिकता के साथ काम किया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवाओं की भागीदारी से क्षेत्र में नई सोच और नई ऊर्जा आएगी। कल्पना कुमारी की जीत को बड़की सरिया में बदलाव और विश्वास की नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।