अधजली महिला के शव की पहचान, फोरेंसिक जांच के लिए पीएमसीएच धनबाद भेजा गया शव।
SHIKHAR DARPANSaturday, January 31, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
बगोदर थाना क्षेत्र के बेको कारीपहरी बंगाली पुल के पास शुक्रवार को बरामद अधजली महिला के शव से इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने शव की पहचान डुमरी थाना क्षेत्र के चीनों गांव निवासी सहीना प्रवीण के रूप में कर ली है।शनिवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन यहां आवश्यक संसाधन और विशेषज्ञ सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका। इसके बाद बेहतर और निर्णायक फोरेंसिक जांच के उद्देश्य से शव को पीएमसीएच धनबाद भेज दिया गया।
गिरिडीह सदर अस्पताल में पदस्थापित चिकित्सक डॉ. रविकांत ने बताया कि संसाधनों की कमी के कारण कई मामलों में स्पष्ट निष्कर्ष निकालना कठिन होता है, इसलिए फोरेंसिक विशेषज्ञों की देखरेख में पोस्टमार्टम कराना आवश्यक है।शव के काफी हद तक जल जाने और पुराना होने के कारण दुर्गंध फैल रही है, जिससे परिजन गहरे सदमे में हैं। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।प्रशासन का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।