पीरटांड़ में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शपथ ग्रहण, नए मतदाताओं को मिला वोटर आईडी।
SHIKHAR DARPANThursday, January 22, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड मुख्यालय में गुरुवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीडीओ मनोज कुमार मरांडी की अगुवाई में सभी विभागों के अधिकारियों, कर्मियों एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों को मतदाता दिवस की शपथ दिलाई गई।इस दौरान उपस्थित लोगों ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने तथा बिना किसी भेदभाव, दबाव और प्रलोभन के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण हाल ही में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नए मतदाताओं को वोटर आईडी कार्ड का वितरण रहा, जिससे युवाओं में खासा उत्साह देखा गया।
मौके पर प्रखंड स्तर के बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) को उनके बेहतर कार्यों के लिए सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीओ ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस हमें भारत के प्रजातांत्रिक जीवन मूल्यों और परंपराओं के प्रति जागरूक करता है। भारत अपने मजबूत लोकतंत्र के लिए विश्व भर में जाना जाता है और इसे सशक्त बनाए रखना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।वहीं बीडीओ मनोज कुमार मरांडी ने कहा कि लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी युवाओं से मतदान प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल होकर भारत की लोकतांत्रिक परंपरा का हिस्सा बनने का आह्वान किया।कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।