16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर समाहरणालय में कार्यक्रम आयोजितनए मतदाताओं को EPIC कार्ड, उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ हुए सम्मानित।
SHIKHAR DARPANThursday, January 22, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला प्रशासन द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों, बीएलओ, मीडिया प्रतिनिधियों एवं अन्य संबंधित कर्मियों को लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक मतदान की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नए मतदाताओं के बीच EPIC (वोटर आईडी) कार्ड का वितरण रहा। वहीं SIR, मतदाता सूची एवं मैपिंग कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जिला स्तरीय बीएलओ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
*लोकतंत्र को मजबूत करने में युवाओं की भूमिका अहम : उप विकास आयुक्त:- कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस भारतीय लोकतंत्र की गौरवशाली परंपराओं की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी निरंतर बढ़ रही है। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी युवाओं से मतदान प्रक्रिया में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि एक-एक वोट राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही निर्वाचन कार्य में पारदर्शिता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने वाले बीएलओ की सराहना की। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों को भारत के नागरिक के रूप में लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने तथा बिना किसी भेदभाव और प्रलोभन के मतदान करने की शपथ भी दिलाई गई।
*निर्वाचन आयोग की भूमिका सराहनीय : पुलिस अधीक्षक:- पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि भारत का लोकतंत्र अपनी विविधता और विशालता के लिए विश्व में प्रसिद्ध है। उन्होंने निष्पक्ष एवं समावेशी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने में निर्वाचन आयोग और उससे जुड़े कर्मियों की भूमिका को सराहनीय बताया।उन्होंने युवा मतदाताओं को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि ग्राउंड लेवल पर बीएलओ के कार्यों से मतदाता सूची और मैपिंग कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
*गिरिडीह में 21 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाता:- उप निर्वाचन पदाधिकारी रंथू महतो ने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस भारत निर्वाचन आयोग के स्थापना दिवस 25 जनवरी के उपलक्ष्य में वर्ष 2011 से मनाया जा रहा है। इस वर्ष थीम “My India My Vote” और टैगलाइन “Citizen at the Heart of Indian Democracy” है।उन्होंने बताया कि 25 जनवरी को रविवार होने के कारण राज्य में 22 जनवरी को कार्यालयों में शपथ कार्यक्रम तथा 25 जनवरी को मतदान केंद्रों पर मतदाता दिवस का आयोजन किया जाएगा।उन्होंने जानकारी दी कि गिरिडीह जिले में कुल 21,08,830 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 10,69,900 पुरुष, 10,38,912 महिला एवं 18 अन्य मतदाता शामिल हैं। जिले का जेंडर रेशियो 971 है।18–19 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 1,10,387 तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 19,697 है। वहीं 36,735 दिव्यांग मतदाताओं को चिह्नित कर मतदान के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिले के गावां, सरिया एवं बगोदर क्षेत्र के सभी PVTG मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कर लिया गया है।
*बीएलओ सम्मानित, युवाओं को मिला EPIC कार्ड:-
कार्यक्रम में युवा मतदाताओं सारांश शर्मा, संध्या कुमारी, फिरदौस जहां, अमन कुमार, कुमार राजा एवं मो. समीर को EPIC कार्ड प्रदान किया गया।वहीं 31 गांडेय विधानसभा से रेखा मंडल तथा 32 गिरिडीह विधानसभा से रुबिना प्रवीण को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का समापन अपर समाहर्ता विजय सिंह बीरूआ ने किया। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है और प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतंत्र मजबूत बनता है।कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी (गिरिडीह/खोरीमहुआ/बगोदर/सरिया), जिला स्तरीय पदाधिकारी, कार्यालय प्रधान एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मी उपस्थित थे।