तिसरी से अपहृत दो नाबालिग युवतियां धनबाद से सकुशल बरामद, यूपी के ट्रक चालक व खलासी गिरफ्तार।
SHIKHAR DARPANWednesday, January 28, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्जण संवाददाता।
गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के एक गांव से अपहृत हुई दो नाबालिग युवतियों को पुलिस ने धनबाद जिले के बरवड्डा थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने अपहरण व दुष्कर्म के आरोप में उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में ट्रक चालक अमित कुमार, निवासी पटियाली, जिला कासगंज (उत्तर प्रदेश) तथा ट्रक का खलासी व मुख्य आरोपी छोटेलाल, निवासी फर्रुखाबाद (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से दो मोबाइल फोन और प्लास्टिक दाना लोड तिरपाल से ढका ट्रक भी जब्त किया है। इस संबंध में खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने गुरुवार को तिसरी थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 23 जनवरी को तिसरी थाना में एक व्यक्ति द्वारा लिखित आवेदन दिया गया था, जिसमें उसकी नाबालिग बेटी व गांव की एक अन्य नाबालिग लड़की के दो दिनों से लापता होने की सूचना दी गई थी। आवेदन में अज्ञात लोगों द्वारा अपहरण की आशंका जताई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। तिसरी थाना प्रभारी रंजय कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धनबाद के बरवड्डा क्षेत्र से दोनों नाबालिग युवतियों को सकुशल बरामद कर लिया और ट्रक चालक व खलासी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी छोटेलाल ने 23 जनवरी को एक नाबालिग युवती को डुमरी जीटी रोड पर मिलने के लिए बुलाया था। उसने यह कहकर झांसा दिया कि वह ट्रक से सामान लेकर गिरिडीह के रास्ते जा रहा है और वहीं से दोनों को अपने साथ ले जाएगा। आरोपी के बहकावे में आकर नाबालिग युवती अपनी एक सहेली के साथ डुमरी पहुंची, जहां दोनों को ट्रक में बैठा लिया गया। आरोप है कि इसके बाद दोनों नाबालिग युवतियों के साथ तीन दिनों तक दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर आरोपी ने शादी व साथ ले जाने का झूठा आश्वासन दिया। बाद में दोनों को धनबाद के बरवड्डा क्षेत्र में उतार दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।