छोटू दास हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, चाकू और बाइक बरामद।
SHIKHAR DARPANFriday, January 23, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिमरियाधौड़ा उपस्वास्थ्य केंद्र के पास गली में 6 नवंबर 2024 को हुई छोटू दास (30) की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। इस संबंध में गिरिडीह सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने मुफस्सिल थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतक छोटू दास, पिता स्व. राजू दास, हेठलापीठ (थाना मुफस्सिल) का निवासी था। शव के पोस्टमार्टम में धारदार हथियार से किए गए कई गंभीर चोटों के निशान पाए गए थे। घटना के बाद मृतक की पत्नी धनेश्वरी देवी के फर्दबयान के आधार पर मुफस्सिल थाना में धारा 103(1)/118/61(2) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें कुल नौ नामजद अभियुक्त बनाए गए थे।
हालांकि प्रारंभिक जांच के दौरान नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध कोई ठोस मानवीय अथवा तकनीकी साक्ष्य पुलिस को नहीं मिल सका।इसके बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। गहन अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने मुख्य अभियुक्त रहबर अंसारी उर्फ छोटू/छोटे (25 वर्ष) और शमीम अंसारी उर्फ अफसर/लंगड़ा (24 वर्ष) की पहचान की।गिरफ्तारी के बाद दोनों अभियुक्तों ने अपराध स्वीकार करते हुए अपना स्वीकारोक्ति बयान दिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू एवं एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो सहित पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार पंडित, संजय कुमार, राम बचन राम, शैलेन्द्र कुमार, राहुल रंजन सिंह, आदित्य कुमार मंडल तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई।