मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी में छात्राओं से जबरन किराया मांगने व बदसलुकी का आरोप, वीडियो वायरल।
SHIKHAR DARPANWednesday, January 21, 2026
0
तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां परीक्षा देने जा रहीं दो छात्राओं से मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी में जबरन किराया मांगने और बदसलुकी करने का आरोप लगा है। इस घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया है।मिली जानकारी के अनुसार, तिसरी की दो छात्राएं बीए की परीक्षा देने के लिए मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना के तहत संचालित बिभा बस संख्या जेएच 11 एवी 8857 से गिरिडीह कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र जा रही थीं। सरकार के प्रावधान के अनुसार मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी में विद्यार्थियों, बुजुर्गों एवं दिव्यांगों से किराया नहीं लिया जाता है।
छात्राओं का आरोप है कि बस के कंडक्टर ने उनसे जबरन किराया की मांग की। किराया देने से इनकार करने पर कंडक्टर और छात्राओं के बीच बहस शुरू हो गई। इसी दौरान जब छात्रा ने घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो कंडक्टर द्वारा कथित रूप से बदसलुकी की गई।वायरल वीडियो सामने आने के बाद छात्राओं के परिजन एवं तिसरी क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने तिसरी थाना के पास उक्त वाहन को रोककर बच्चियों के साथ बदसलुकी करने का कारण पूछा। इसके बाद परिजनों ने पूरे मामले की जानकारी तिसरी पुलिस को दी।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, लोगों ने मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना के तहत चलने वाले वाहनों में नियमों का सख्ती से पालन कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।