Type Here to Get Search Results !

पीरटांड में सामूहिक दुष्कर्म मामला में पुलिस की जांच तेज, एसपी ने दिया जल्द गिरफ्तार का भरोसा।

पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड प्रखंड के हरलाडीह ओ०पी० क्षेत्र में दो युवतियों के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले की जांच में पुलिस ने तेजी ला दी है। घटना के बाद सबसे पहले पीड़िताओं से पूछताछ की गई, जिसके आधार पर छानबीन शुरू की गई। जांच के क्रम में डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की मदद ली गई है। इसके साथ ही मानवीय सूचना और कॉल डिटेल (सीडीआर) के आधार पर भी मामले की गहन जांच की जा रही है। हालांकि यह मामला पुलिस के लिए अब भी एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, लेकिन उनसे कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लग सकी है। 

घटना के चार दिन बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस सूत्रों की मानें तो पीड़िताओं के माध्यम से आरोपियों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन फिलहाल किसी की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी है। इधर, एसडीपीओ सुमित प्रसाद के नेतृत्व में गठित विशेष टीम लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। मंगलवार और बुधवार की रात एसडीपीओ समेत कई थाना प्रभारियों द्वारा आसपास के इलाकों में गहन जांच अभियान चलाया गया था। मामले को लेकर गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.